बुद्धिजीवी मंच ने कॉमर्स टॉपर आकाश महतो को किया सम्मानित

Patamda: आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, बांगुड़दा के 12वीं कॉमर्स संकाय के स्कूल टॉपर एवं जिले की टॉप-10 सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्र आकाश महतो को रविवार को बुद्धिजीवी मंच पटमदा की ओर से सम्मानित किया गया।
बांगुड़दा गांव निवासी आकाश महतो ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य डिफेंस क्षेत्र में करियर बनाना है, जिसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। साथ ही वे बीकॉम की पढ़ाई जारी रखते हुए उच्च शिक्षा हासिल करना चाहते हैं। इस अवसर पर बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष गोपाल कुमार ने कहा कि मंच के निदेशक जितेंद्र नाथ महतो के निर्देशन में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान छात्रों को प्रोत्साहित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आकाश महतो को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा आगे की पढ़ाई के लिए 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मंच के सचिव कल्याण कुमार गोराई, सलाहकार जगदीश प्रसाद मंडल, सदस्य उज्ज्वल कांति दास, रवींद्र नाथ सिंह एवं गोपाल महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

