दगड़ीगोड़ा आश्रम में पटमदा डीएसपी का भव्य अभिनंदन, कहा: जनसहयोग से ही पुलिस को मिलती है सफलता
Patamda: दगड़ीगोड़ा आश्रम में बुधवार को ग्राम प्रधान संघ पटमदा के उपाध्यक्ष सह कमलपुर थाना शांति समिति के अध्यक्ष शंभू दास की पहल पर पटमदा के नवनियुक्त डीएसपी दयानंद कुमार के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, मुखियाओं, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीएसपी दयानंद कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना संभव है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि पुलिस हमेशा अपने विधिक अधिकार क्षेत्र के भीतर रहकर जनता की सहायता के लिए तत्पर है।
उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पुलिसिंग व्यवस्था में काफी बदलाव आया है। पहले लोग थाने जाने से कतराते थे, लेकिन अब आम नागरिक खुलकर अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख रहे हैं। डीएसपी ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम में जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने पुलिस व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि कई बार गैर-अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मानसिक दबाव बनाकर थाने में बैठाया जाता है और मोबाइल जब्त कर परेशान किया जाता है, जो उचित नहीं है। उन्होंने थानों में भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर भी कार्रवाई की मांग की।
विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने डिमना क्षेत्र में बने कई चेकिंग प्वाइंट्स का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पटमदा एवं बोड़ाम के लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, जिस पर रोक लगनी चाहिए।
शंभू दास ने कमलपुर थाना प्रभारी के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए शांति समिति के सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। मौके पर गिरिजा प्रसाद मिश्रा, ईशान चंद्र गोप, मृत्युंजय महतो, भीष्मनाथ महतो, अश्विनी महतो, सुधीर चंद्र माझी, आनंदमय महतो, संदीप कुमार मिश्रा, प्रदीप कुमार महतो, श्रीमंत मिश्रा, बिंदुवाला महतो, प्रेमचांद महतो, जामिनी कांत प्रमाणिक, कानूराम बेसरा, खांदू सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

