हलूदबनी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, बच्चा समेत तीन घायल
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक के समीप हलूदबनी गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक बच्चा समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में संकोशाई निवासी 52 वर्षीय जितेंद्र सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वहीं उनकी बाइक पर सवार 9 वर्षीय राघव सिंह सरदार को मामूली चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर सवार 34 वर्षीय मानगो आजाद नगर निवासी अब्दुल रहमान भी घायल हुए हैं, जिन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्की चोटें लगी हैं।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे तुरियाबेड़ा निवासी टेम्पो चालक सूरज कुमार और शेखर शर्मा ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह और बच्चे को अपने वाहन से तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहीं अब्दुल रहमान को हलूदबनी कैंप पुलिस की सहायता से अस्पताल भेजा गया।
बारीडीह लालटांड़ निवासी संजय सिंह सरदार ने बताया कि शुक्रवार को लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सभी रिश्तेदार प्रसाद ग्रहण कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हलूदबनी के पास यह हादसा हो गया। बताया गया कि राघव (पिता – संजय सिंह सरदार) अपने फूफा जितेंद्र सिंह के साथ एक बाइक पर सवार था, जबकि दूसरी ओर अब्दुल रहमान जमशेदपुर से अपने पैतृक गांव सांउतालडीह (पुरुलिया) जा रहे थे। वे बालीगुमा स्थित एक गैराज में मिस्त्री के रूप में कार्यरत हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया। एमजीएम अस्पताल पहुंचकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


