आवारा सांड़ के आतंक से सहमे ग्रामीण, बिड़रा में घायल किसान टीएमएच में भर्ती
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत बिड़रा गांव में एक आवारा सांड़ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सांड़ के हमलों से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ समय में उक्त सांड़ आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। ताजा घटना शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे की है। बिड़रा टोला डांगा निवासी शिशुलाल महतो बैलगाड़ी से खेत में गोबर खाद लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिड़रा स्कूल मोड़ के समीप आवारा सांड़ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गुप्तांग समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल शिशुलाल महतो को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी को लेकर बिड़रा पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पटमदा बीडीओ को आवेदन सौंपकर आवारा सांड़ को तत्काल पकड़वाने और उसे सुरक्षित गोशाला भेजने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि गांव में भय का माहौल समाप्त हो सके और लोग सुरक्षित वातावरण में अपना दैनिक जीवन व्यतीत कर सकें।



