एसएस प्लस टू हाई स्कूल में जयतु नेताजी क्विज का आयोजन
Patamda : रेडियो धूम एवं श्रीलेदर्स, के-रोड, बिष्टुपुर के संयुक्त तत्वावधान में एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में जयतु नेताजी कार्यक्रम के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्शों पर आधारित ज्ञानवर्धक क्विज का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेता एवं उपविजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं श्रीलेदर्स के पार्टनर शेखर डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व क्षमता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों से उन्होंने ईमानदारी, कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने मुख्य अतिथि, रेडियो धूम एवं श्रीलेदर्स की टीम, शिक्षकगण और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, राष्ट्रप्रेम और व्यक्तित्व विकास की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में डोली डे, सुबोध प्रसाद सिंह, तुलसी महतो, अनीता मुर्मू, कौशलेन्द्र कुमार सिंह, डॉक्टर प्रमाणिक आदि उपस्थित थे।




