लावा में सम्मान समारोह आयोजित, धीरेंद्र नाथ को भावभीनी विदाई, उज्ज्वल कांति सम्मानित
Patamda: उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लावा में बुधवार को पूर्व प्रधानाध्यापक धीरेंद्र नाथ षड़ंगी के सेवानिवृत्त होने तथा विद्यालय के पूर्व पारा शिक्षक उज्ज्वल कांति दास के सहायक आचार्य के रूप में उत्क्रमित मध्य विद्यालय द्वारीडीह में पदस्थापित होने के उपलक्ष्य में संयुक्त रूप से सेवानिवृत्ति सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपने सेवाकाल के अंतिम दिन भावुक हुए धीरेंद्र नाथ षड़ंगी ने कहा कि विद्यालय के सभी शिक्षक एवं अभिभावक सहयोगी और समर्पित रहे, जिसके कारण वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मूल रूप से पटमदा प्रखंड के षड़ंगीडीह निवासी धीरेन्द्र नाथ ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत घाटशिला से की। इसके बाद उन्होंने बोड़ाम तथा अंत में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लावा में अपनी सेवाएं दीं। इससे पूर्व वे दो वर्षों तक अरुणाचल प्रदेश में शारीरिक शिक्षक के रूप में भी कार्यरत रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं लावा ग्राम प्रधान वृंदावन दास ने धीरेन्द्र नाथ को समर्पित, अनुशासित एवं उच्च चरित्र वाला शिक्षक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने उज्ज्वल कांति दास के 21 वर्षों के शिक्षकीय योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के बीच उनकी लोकप्रियता उनके समर्पण का प्रमाण है। बीआरपी अवनी महंती ने शिक्षक के तीन प्रमुख गुण—शिष्टाचार, क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि धीरेन्द्र नाथ इन सभी गुणों के आदर्श उदाहरण रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए अनुशासन को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया तथा उज्ज्वल कांति दास को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्त व्याख्याता विजय कृष्ण मल्लिक ने धीरेन्द्र नाथ के सफल सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक जगदीश प्रसाद मंडल ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि वे केवल सरकारी सेवा से मुक्त होते हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल कांति दास जैसे ऊर्जावान शिक्षक हर विद्यालय की आवश्यकता हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने कविता के माध्यम से दोनों शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। अंत में उज्ज्वल कांति दास ने भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने नम आंखों से धीरेंद्र नाथ षड़ंगी को विदाई दी तथा उज्ज्वल कांति दास को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीकांत महतो ने किया। समारोह को सफल बनाने में प्रदीप कुमार ओझा, लक्ष्मीकांत महतो, इंद्र नारायण गोप, अलका रानी प्रधान, आशा लता दास तथा सीआरपी विश्वनाथ महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




