नूतनडीह में जर्जर विद्यालय भवन का हिस्सा गिरने से दूसरी कक्षा की छात्रा घायल, अब बरामदे में बैठ रहे हैं बच्चे

Patamda : काश्मार पंचायत के नूतनडीह प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को जर्जर विद्यालय भवन का एक हिस्सा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में दूसरी कक्षा की छात्रा सुचिस्मिता माझी घायल हो गई। घटना के समय कक्षा एक से तीन तक के करीब 25 बच्चे उसी कमरे में पढ़ाई कर रहे थे। गनीमत रही कि मलबा पूरे कमरे में नहीं फैला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अन्यथा कई बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। विद्यालय में कुल 40 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक सहम गए।
सुचिस्मिता के पिता ने बताया कि विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और इसकी मरम्मत की मांग कई बार संबंधित विभाग से की जा चुकी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने जिला शिक्षा अधीक्षक से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। जिला शिक्षा अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय भवन की मरम्मत अगले दो से तीन माह के भीतर कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नए विद्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही विभाग को भेजा जा चुका है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्षतिग्रस्त कक्ष में तत्काल पढ़ाई बंद कर दी गई है। अब विद्यार्थियों की कक्षाएं विद्यालय के दूसरे सुरक्षित कमरे में संचालित की जाएंगी, ताकि शिक्षण कार्य भी प्रभावित न हो और बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहे। घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। उन्होंने मांग की कि नए विद्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा क्षेत्र के सभी जर्जर विद्यालय भवनों का सर्वेक्षण कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शुक्रवार को स्कूल भवन के बरामदे में बच्चों को बैठाकर कक्षाएं संचालित की गई।




