खेल से निखरता है व्यक्तित्व, मिलती है सफलता की नई राह : चंद्रशेखर टुडू
Patamda : प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बीआरसी जल्ला मैदान में गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं एवं मध्य विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। अंडर-15 बालक वर्ग में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, द्वारीडीह ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आगुईडांरा उपविजेता रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा ने खिताब जीता और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जोड़सा उपविजेता बना। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में केजीबीवी बांगुड़दा (पटमदा) विजेता तथा प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, माचा उपविजेता रहा। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों ने ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही शिक्षा में बेहतर उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि इसके जरिए खिलाड़ी राज्य और देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, बीएओ देव कुमार, बीडब्ल्यूओ प्रियव्रत कुमार, बीपीओ शकुंतला महतो व श्यामापद गोप एवं बीआरपी अबनी कुमार महांती उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में शिक्षक प्रबोध कुमार महतो, अजीत कुमार, अंब्रेश कुमार, अशोक कुमार महतो, श्यामापद गोप, हरप्रीत सिंह कौर, रामपद महतो, राजनारायण दत्त, नरेंद्र नाथ दत्त, प्राणकृष्ण कुंभकार, बासुदेव महतो, अमीय दत्त, रथू महतो व मिहिर कुमार प्रमाणिक सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।




