पटमदा पंचायत में ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
Patamda : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को डालसा की न्याय रथ पटमदा पंचायत पहुंची। पंचायत भवन में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में ग्रामीणों एवं महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जमशेदपुर के एलएडीसी अभिनव कुमार श्रीवास्तव एवं अधिवक्ता शुभम शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने डालसा के उद्देश्य एवं कार्यों की जानकारी देते हुए बाल विवाह, बाल श्रम, डायन प्रथा, नशा मुक्ति, पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोग नालसा हेल्पलाइन 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता और अन्य आवश्यक मदद प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार के आपराधिक मामले की जानकारी हो तो बिना किसी भय के स्थानीय थाना या डालसा कार्यालय में शिकायत करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में पटमदा पंचायत के मुखिया परमेश्वर सिंह, ग्राम प्रधान बाघाम्बर सिंह, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक तथा डालसा के पीएलवी शिब शंकर महतो, नंदा रजक, फटिक चंद्र महतो, बुधेश्वर मुर्मू, लक्ष्मीकांत गोप, सुजय दत्ता एवं विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थीं।




