बिड़रा में सार्वजनिक पुस्तकालय भवन की मांग, जन अधिकार मंच ने उपायुक्त व विधायक को सौंपा ज्ञापन
Patamda : शिक्षा और ज्ञान के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जन अधिकार मंच, पूर्वी सिंहभूम की ओर से पटमदा के बिड़रा पंचायत में सार्वजनिक पुस्तकालय भवन की स्थापना की मांग उठाई गई है। इस संबंध में मंच के प्रतिनिधियों ने जिले के उपायुक्त राजीव रंजन एवं स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी को आवेदन सौंपकर पंचायत स्तर पर शीघ्र पुस्तकालय भवन का निर्माण कराने का अनुरोध किया।
मंच का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा आम नागरिकों को अध्ययन और ज्ञानार्जन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इससे शिक्षा के स्तर में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र में बौद्धिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। जन अधिकार मंच ने उम्मीद जताई है कि उपायुक्त एवं विधायक इस जनहित की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए पुस्तकालय भवन के निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।
मंच के सदस्य नरेश महतो ने कहा कि पुस्तकालय बनेगा, तभी ज्ञान बढ़ेगा और ज्ञान बढ़ेगा, तभी समाज आगे बढ़ेगा।” उनका मानना है कि प्रत्येक पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



