पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक का दिखने लगा सकारात्मक असर, नशामुक्त अभियान को मिल रही मजबूती
Patamda : पटमदा थाना परिसर में सोमवार को पुलिस-पब्लिक रिलेशन रिफॉर्म मीटिंग का आयोजन पुलिस निरीक्षक अजय कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ। बैठक में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय, शांति, सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा व खगेन महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार समेत अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में नशाखोरी, चोरी, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, सड़क सुरक्षा, बाल संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर ने लोगों से अपराध और नशे से जुड़ी किसी भी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाएगी, जिसमें जनता का सहयोग आवश्यक है।
जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा पुलिस-जनता के सहयोग से अपराधमुक्त, नशामुक्त और सौहार्दपूर्ण पटमदा के निर्माण का आह्वान किया। बैठक के अंत में सभी ने सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान बाटालुका की ग्राम प्रधान ने पिछली बैठक के दौरान उठाए गए मुद्दे पर अवैध शराब भट्ठियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के लिए प्रशासन का आभार जताते हुए गांव को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने में मदद की अपील की।



