नीट यूजी परिणाम : अर्पिता के बाद पटमदा की एक और बेटी का कमाल, अंजलि ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 4029
अपनी मां के साथ अंजलि महतो
लगातार दूसरी बड़ी सफलता से क्षेत्र में खुशी, आकांक्षा योजना और कड़ी मेहनत लाई रंग
अंजलि के पिता उत्तम कुमार महतो को एक कार्यक्रम के दौरान सम्मानित करते जनप्रतिनिधि (फाइल फोटो)
Patamda : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव बनकुंचिया की बेटी अंजलि महतो ने नीट यूजी-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4029 हासिल की है। ओबीसी वर्ग में उनकी 1597वीं रैंक आई है। 720 अंकों की परीक्षा में अंजलि ने 626 अंक प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह सफलता उन्हें दूसरे प्रयास में मिली है। वर्ष 2025 की नीट परीक्षा में उनकी ओबीसी रैंक 36460 थी, लेकिन उन्होंने असफलता से निराश होने के बजाय दोगुने उत्साह और लगन के साथ तैयारी जारी रखी। कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर इस वर्ष उन्होंने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। अंजलि की इस उपलब्धि के साथ पटमदा में लगातार दूसरे वर्ष नीट परीक्षा में बड़ी सफलता मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इससे पहले वर्ष 2025 में पटमदा के छोटाचिड़का निवासी इंजीनियर एवं टैलेंट सर्च एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो की पुत्री अर्पिता महतो ने ऑल इंडिया रैंक 4421 तथा ओबीसी वर्ग में 1686वीं रैंक हासिल की थी और वह दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। अंजलि ने बताया कि अर्पिता की सफलता ने उन्हें लगातार प्रेरित किया। साथ ही हाराधन महतो ने उन्हें अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के अलावा समय-समय पर मार्गदर्शन भी दिया, जिससे उनकी तैयारी को सही दिशा मिली।
वर्ष 2023 में अंजलि मैट्रिक परीक्षा में पटमदा प्रखंड की टॉपर बनी थीं। इसके बाद उनका चयन झारखंड सरकार की आकांक्षा योजना के तहत निःशुल्क मेडिकल कोचिंग के लिए हुआ। उन्होंने बताया कि इस योजना ने उनकी तैयारी को मजबूत आधार प्रदान किया और सफलता की राह आसान बनाई। अंजलि के पिता उत्तम कुमार महतो प्रसिद्ध छऊ कलाकार हैं। वे अपनी टीम में उस्ताद की भूमिका निभाने के साथ जमशेदपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी माता मेनका महतो बनकुंचिया पंचायत की पंचायत समिति सदस्य हैं। पिता ने कहा कि बेटी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है और उसका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। दो भाई-बहनों में अंजलि सबसे छोटी हैं। उनके बड़े भाई हितेश कुमार महतो जेईई मेन्स उत्तीर्ण कर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टैक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से कंप्यूटर साइंस इन साइबर सिक्योरिटी (बीटेक) की पढ़ाई कर रहे हैं। अंजलि की सफलता की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने इसे पटमदा की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अंजलि की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी यह संदेश है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


