बुद्धिजीवी मंच की भुट्टा पार्टी कल, पारंपरिक खान-पान और सामाजिक सद्भाव का देंगे संदेश
Patamda: बुद्धिजीवी मंच, पटमदा की ओर से शनिवार की शाम 6 बजे से बेलटांड़ चौक परिसर में भुट्टा पार्टी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पौष्टिक एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपनी जड़ों और स्थानीय खान-पान की संस्कृति से जोड़ना है।
मंच के अध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि आधुनिक भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग धीरे-धीरे पारंपरिक खाद्य पदार्थों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में भुट्टा पार्टी के माध्यम से लोगों को इसके पौष्टिक महत्व से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भुट्टे को गैस की लौ के बजाय लकड़ी या कोयले की आंच पर पकाकर खाने की पारंपरिक पद्धति को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया जाएगा। साथ ही, गैस की लौ पर भुट्टा भूनकर खाने से जुड़े संभावित खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। गोपाल कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल खान-पान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक मेल-जोल का माध्यम भी बन सकते हैं। यदि लोग समूह बनाकर शहरों में भी पारंपरिक तरीके से लकड़ी या कोयले की आंच पर भुट्टा पकाकर खाएं, तो इससे आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा। ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि क्षेत्र का यह पहला एवं अनोखा कार्यक्रम है, लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है।








