जनसमस्याओं पर उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान, विभागों को कार्रवाई का निर्देश
Patamda : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापनों पर उपायुक्त राजीव रंजन ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। पटमदा सीएचसी में चिकित्सकों की कमी दूर करने, प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत चिकित्सक डॉ. संगीता केरकेट्टा को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने तथा अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवा के लिए तकनीशियनों की पदस्थापना की मांग की गई थी। अस्पताल की एंबुलेंस सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने का भी आग्रह किया गया है। इसी तरह पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल के नवनिर्मित भवन का शीघ्र प्रभार हस्तांतरण कर पढ़ाई शुरू कराने तथा विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति की मांग रखी गई थी। पुराने एवं जर्जर भवन में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए नए भवन का उपयोग जल्द शुरू कराने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों एवं आवासीय इलाकों के समीप से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइनों तथा घरों के नजदीक स्थापित ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई है। इस मामले में संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। वहीं, बेलटांड़ से रघुनाथपुर तक मुख्य सड़क निर्माण के मामले में भी कार्रवाई आगे बढ़ी है। विश्वनाथ महतो ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए विभाग की ओर से दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव भेज दिया गया है। विभागीय स्तर पर अगले दो माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है। विश्वनाथ महतो ने कहा कि पटमदा एवं बोड़ाम की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। उपायुक्त द्वारा समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई का निर्देश देना स्वागतयोग्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।








