बोड़ाम के गौरडीह स्कूल में 154 बच्चों पर तीन शिक्षक, शिक्षकों की पदस्थापना को लेकर अभिभावकों ने सांसद से लगाई गुहार
अंग्रेजी, हिंदी और सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों की मांग
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गौरडीह में शिक्षकों की कमी के कारण 154 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम प्रधान, मुखिया एवं ग्रामीणों ने जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो को आवेदन देकर विद्यालय में आवश्यक विषयों के शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अनुसार, विद्यालय में वर्तमान में मात्र दो सरकारी शिक्षक तथा एक पारा शिक्षक कार्यरत हैं। विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी के कारण पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित करने में परेशानी हो रही है। समिति ने विशेष रूप से अंग्रेजी, हिंदी भाषा और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति या पदस्थापना की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि शिक्षकों की कमी को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक पिछले वर्ष 26 अप्रैल और 12 दिसंबर को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक विद्यालय में एक भी अतिरिक्त सरकारी शिक्षक उपलब्ध नहीं कराया गया है। विद्यालय प्रबंधन समिति का कहना है कि 154 बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए कम से कम तीन अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है। शिक्षकों की कमी दूर नहीं होने से विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। समिति ने सांसद से मामले में शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों से आवश्यक पहल कर विद्यालय में जल्द से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है। आवेदन पर ग्राम प्रधान, पंचायत की मुखिया तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष समेत अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।








