युवक से फोन पर विवाद के बाद ट्यूशन शिक्षिका ने फांसी लगाकर दी जान
Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित शांति नगर में गुरुवार दोपहर 28 वर्षीय ट्यूशन शिक्षिका विभा कुमारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे विभा कुमारी दो मंजिला मकान के ऊपरी तल्ले स्थित कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक गई। दोपहर में खाना खाने के लिए घर पहुंचे उसके पति अरविंद कुमार ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। अरविंद कुमार स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं।
दंपती का छह वर्षीय एक बेटा है। घटना के समय मृतका के सास-ससुर मकान के निचले तल्ले पर मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले विभा किसी से फोन पर बातचीत कर रही थी। आशंका जताई जा रही है कि फोन पर किसी युवक से विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिजन विभा को तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का मायका मानगो के संकोसाई में बताया गया है। परिजनों ने फोन पर विवाद करने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मोबाइल फोन की जांच के बाद घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।








