खेजुरडीह पुलिया का डायवर्सन बहा, 15 किमी अतिरिक्त दूरी तय करने को मजबूर ग्रामीण
पुलिया बनने के दो साल बाद भी नहीं बना पहुंच पथ
Patamda : पटमदा प्रखंड अंतर्गत कांकीडीह-दांदूडीह मुख्य सड़क के बीच स्थित खेजुरडीह नाला का डायवर्सन बारिश के पानी में बह जाने से क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। डायवर्सन के बह जाने से कुमीर, बनकुंचिया और ओड़िया पंचायत के दर्जनों गांवों के लोगों को पटमदा प्रखंड मुख्यालय और काटिन बाजार पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को पश्चिम बंगाल के रास्ते होकर करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार खेजुरडीह नाला पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कार्य लगभग 2 वर्ष पहले कराया गया था। पुलिया का निर्माण पूरा होने के बावजूद अब तक उससे जुड़ा पहुंच पथ नहीं बनाया गया है। इसके कारण पुलिया का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है और ग्रामीणों को आवागमन के लिए डायवर्सन पर निर्भर रहना पड़ रहा था। लगातार बारिश के कारण नाला में पानी का बहाव तेज होने से डायवर्सन भी बह गया, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। डायवर्सन बह जाने के बाद ग्रामीणों के सामने पटमदा प्रखंड मुख्यालय, काटिन बाजार, अस्पताल, विद्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। खासकर मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना बाजार आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी अतिरिक्त समय लगने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और बरसात के दिनों में नाला पार करने की समस्या समाप्त हो जाएगी। लेकिन पहुंच पथ का निर्माण नहीं होने से उनकी परेशानी जस की तस बनी हुई है। अब डायवर्सन के बह जाने से स्थिति और विकट हो गई है।
ग्रामीणों में प्रशासन और पथ निर्माण विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर पुलिया का निर्माण कराने के बावजूद पहुंच पथ का काम वर्षों से लंबित रखना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल डायवर्सन की वैकल्पिक व्यवस्था कराने तथा खेजुरडीह पुलिया के पहुंच पथ का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि तीनों पंचायतों के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।








