पटमदा पुलिस ने सुदूरवर्ती गांवों में चलाया जागरूकता अभियान
Patamda : पटमदा थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोबरघुसी व जोड़सा पंचायत के आमदापहाड़ी, जेरका, राजाबासा, जामडीह समेत सुदूरवर्ती गांवों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को नक्सलवाद, नशाखोरी, डायन प्रथा व अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा साइबर और बैंकिंग ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में करने की अपील की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को प्रत्येक गुरुवार आयोजित होने वाले थाना दिवस में अपनी समस्याएं रखने की अपील की।



