पांच पंचायतों के सखी मंडलों की वार्षिक आमसभा में आजीविका बढ़ाने पर जोर
Patamda: पटमदा प्रखंड के ग्राम संसद भवन बिड़रा में सोमवार को खेड़ुआ, पटमदा, दिघी, महुलबना एवं बिड़रा पंचायत की आजीविका महिला संकुल स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित हुई। इसमें पांचों पंचायतों के विभिन्न सखी मंडलों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा व खगेन चंद्र महतो, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, बिड़रा पंचायत की मुखिया काजल सिंह, उप मुखिया गोपाल गोराई समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न आर्थिक गतिविधियां संचालित कर परिवार की आजीविका बढ़ाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
संकुल अध्यक्ष ललिता टुडू ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संकुल की गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।आमसभा में बैंक सखी, जी-सीआरपी, एफएल-सीआरपी, बीआरपी-एलएच समेत विभिन्न कैडरों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सीएलएफ से जुड़े सदस्यों को नियमित बचत, ऋण की किस्त और ब्याज का समय पर भुगतान तथा समूह के बेहतर संचालन को लेकर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सुमित्रा हांसदा, सचिव रिंकी सहिस, बीपीओ अनुरंजन कुमार, मकबूल अंसारी, सुभाष कुमार, टूम्पा दास, संध्या महतो एवं प्रियंका महतो समेत अन्य उपस्थित थे।




