पटमदा में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह, उपायुक्त ने 10 लाभुकों को सौंपी आवास की चाबी
Patamda : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को पटमदा प्रखंड में शुभ गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान अबुआ आवास योजना के प्रथम चरण में नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश के लिए लावा एवं लच्छीपुर पंचायत के पांच-पांच, कुल 10 लाभुकों को उपहार के साथ सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। वहीं, 7 लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, दो को जाति प्रमाण पत्र और एक को आय प्रमाण पत्र दिया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 18 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अलावा पांच स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण तथा किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज वितरित किया गया। वीबी-जी राम जी योजना के तहत लावा गांव की दो योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन मेट और पांच श्रमिकों को सम्मानित किया गया।
समय पर पूरी हों विकास योजनाएं : उपायुक्त
उपायुक्त (डीसी) राजीव रंजन ने झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं के कारण निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। राशि समय पर खर्च नहीं होने से सरकार से अगली किस्त मिलने में भी परेशानी होती है। इसलिए योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने में जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कठिनाई होने पर सीधे उनसे संपर्क करें। हर योजना में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने पटमदा की कृषि विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सब्जियां जमशेदपुर के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी भेजी जाती हैं। यहां के किसान मेहनती हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के नहीं पहुंचने पर चिंता जताई। इसमें सुधार के लिए अभिभावकों और स्वयं सहायता समूह की दीदियों से सहयोग की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि पटमदा सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ की जरूरत है। इसके लिए यहां पदस्थापित चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति रद्द कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा कराने, जर्जर स्कूलों को नया भवन उपलब्ध कराने और गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना ही विकास के लक्ष्य को हासिल करने का आधार है।
चार हजार योजनाओं को मिलेगी स्वीकृति : डीडीसी
उपविकास आयुक्त (डीडीसी) नागेंद्र पासवान ने कहा कि आवास योजना के तहत लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत पूरे जिले में करीब चार हजार योजनाओं को स्वीकृति दी जाएगी। इच्छुक लोग अपने गांव और पंचायत में ही काम कर सकेंगे, जिससे उन्हें रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने पुरानी लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और नई योजनाओं को धरातल पर उतारने की अपील की।
अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए तकनीशियन की मांग
विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने माचा स्थित पटमदा सीएचसी में विधायक मंगल कालिंदी की ओर से उपलब्ध कराई गई अल्ट्रासाउंड मशीन के बेहतर संचालन के लिए तकनीशियन की व्यवस्था करने की मांग उपायुक्त से की। मौके पर जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, उप प्रमुख श्रीदेवी माझी, 20 सूत्री अध्यक्ष कालीपद महतो, सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास समेत ग्राम प्रधान, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जेएसएलपीएस के कर्मचारी उपस्थित थे।











