बोड़ाम में मलेरिया का कहर, 4 वर्षीय सबर बच्चे की मौत के बाद लगा कैंप, 21 की जांच में 15 मिले पॉजिटिव
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के कोयरा गांव स्थित बाधाडीह सबर टोला में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक माह से जारी संक्रमण के बीच शुक्रवार देर रात मलेरिया पीड़ित चार वर्षीय संजीव सबर की मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसकी मौत का कारण जौंडिस की बीमारी बताई गई है। बताते हैं कि मलेरिया पॉजिटिव होने के बाद वह स्वस्थ हो गया था और बाद में जौंडिस की बीमारी का सटीक इलाज नहीं होने की वजह से मौत हो गई। वह सुरेंद्र सबर का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, कई दिनों से उसकी तबीयत खराब थी और निजी खर्च पर उसका इलाज नीमडीह के चालियामा में एक निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। उसके दो अन्य भाई भी बुखार से पीड़ित थे, हालांकि अब उनकी हालत में सुधार है।
मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार को सीएचओ एवं एमपीडब्ल्यू की ओर से जांच शिविर लगाया गया था जिसमें 7 पीएफ पॉजिटिव पाए गए थे। सोमवार को पटमदा सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में चिकित्सा दल ने बाधाडीह सबर टोला में स्वास्थ्य शिविर लगाया। इसमें 8 मलेरिया पॉजिटिव (पीएफ) पाए गए। हालांकि विभाग की ओर से कुछ मरीजों के बारे में बताया गया कि पूर्व में किए गए जांच के क्रम में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें दवाएं दी गई थी। सोमवार को दुबारा जांच में भी पॉजिटिव पाया गया है। पीएफ पॉजिटिव मरीजों में सुनीता सबर (6), लखीपदो सबर (25), काजल सबर (32), विजय सबर (10), पूंजी सबर (12), गुरुवारी सबर (13), विनती सबर (26), लव सबर (2), विशाल सबर (85), फुलमनी सबर (27), लखीरानी सबर (25), जगबंधु सबर (75), अजय सबर (26), सुबल सबर (45) और फुलफुला सबर (4) शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य चिकित्सा दल द्वारा कुईयानी पहाड़िया टोला और बाघरा के रिमड़ाडीह में भी अलग-अलग स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई और दवाइयां वितरित की गईं। यहां भी कुल 46 मरीजों की जांच में 6 केस पीएफ का पाया गया है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सोमवार को बाधाडीह और कुईयानी सबर टोला में जांच शिविर लगाया गया। मरीजों के बीच दवाइयां भी वितरित की गईं। ग्रामीणों को मच्छरदानी लगाकर सोने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। चिकित्सा दल में डॉ. आरके सिंह, एमपीडब्ल्यू काजल गिरी, रवींद्र नाथ दास, जन्मेंजय महतो, उत्तम कुमार मल्लिक, सचिन सिंह, सीएचओ मीरा कुमारी, नमिता कुमारी, सहिया सावित्री सबर और ईश्वर सबर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।











