पटमदा में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के प्रतिनिधियों को शॉल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित
Patamda: पारंपरिक ग्राम व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मनकी-मुंडा एवं ग्राम प्रधानों के सम्मान में शुक्रवार को पटमदा प्रखंड के लावा पंचायत भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूर्वी सिंहभूम के अपर आयुक्त के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा और मुखिया कान्हू राम बेसरा ने क्षेत्र के मनकी-मुंडा एवं ग्राम प्रधानों को माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर प्रदीप बेसरा ने कहा कि गांवों में सामाजिक समरसता बनाए रखने, आपसी विवादों का समाधान करने और ग्रामीणों व प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में पारंपरिक ग्राम प्रधानों की अहम भूमिका होती है। ऐसे सम्मान समारोहों से पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़े लोगों का मनोबल बढ़ता है और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को नई मजबूती मिलती है। समारोह में ग्राम प्रधान बृंदावन दास, चंदन सिंह, बुचेन लाया, दलगोबिंद सिंह और शेख अनवर को सम्मानित किया गया। मौके पर पंचायत सचिव घनश्याम महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।











