ग्राम सभा में शिक्षा, सरकारी योजनाओं और नशामुक्ति पर दिया गया जोर
Patamda : बोड़ाम प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत खोखरो गांव में गुरुवार को ग्राम प्रधान संतोष सिंह की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र और झारखंड सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
बैठक में बच्चों की शिक्षा में सुधार और गांव में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर नियमित ध्यान देने की अपील की गई। वहीं, युवाओं को मादक पदार्थों एवं नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। मोबाइल फोन का उपयोग भी जरूरत के अनुसार करने की सलाह दी गई, ताकि पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियां प्रभावित न हों। इस मौके पर मुखिया अजब सिंह, ग्राम प्रधान संतोष सिंह, वार्ड सदस्य भ्रमण पहाड़िया समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।











