अकवान चक्रवात से धान की फसल पर संकट, 11 हजार हेक्टेयर में तैयार फसल बर्बाद होने की आशंका
कटे धान बारिश में भीगे, खेतों में खड़ी फसल के गिरने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ा
Patamda : अकवान चक्रवात के प्रभाव से पटमदा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार दोपहर से बदले मौसम का असर शुक्रवार शाम तक जारी रहा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, वहीं खेतों में पककर तैयार धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। प्रखंड की कई पंचायतों में किसानों ने धान की कटाई शुरू कर दी है। ऐसे में खेतों में काटकर रखे गए धान बारिश के पानी में भीग रहे हैं। लगातार नमी बनी रहने से फसल के सड़ने और दाने खराब होने की आशंका है। वहीं, खेतों में खड़ी पकी फसल के अंकुरित होने तथा तेज हवा के कारण जमीन पर गिरने से बालियों के दाने झड़ने का खतरा भी बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष नियमित बारिश के कारण पटमदा प्रखंड में करीब 11,813 हेक्टेयर भूमि पर धान की फसल पककर तैयार है। कटाई के ऐन वक्त पर मौसम बिगड़ने से किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। बारिश के कारण कटे धान को सुखाने में भी परेशानी हो रही है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो किसानों को बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। उनकी चिंता है कि समय पर धान की कटाई और सुरक्षित भंडारण नहीं हो पाने से महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।











