खराब मौसम के बावजूद अभिभावकों ने दिखाया उत्साह, बांगुड़दा स्कूल में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित
Patamda : खराब मौसम के बावजूद प्लस टू आदिवासी उच्च विद्यालय, बांगुड़दा में शुक्रवार को आयोजित विशेष शिक्षक-अभिभावक बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए। बैठक में झारखंड की विरासत, प्रगति एवं आकांक्षाओं के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विद्यालय में शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
प्राचार्य सुजीत सेठ समेत शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखने और उनके शैक्षणिक विकास में सहयोग करने की अपील की। बैठक में मौजूद विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमंत मिश्रा ने बताया कि बैठक के माध्यम से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।











