तेज रफ्तार बाइक ने महिला को पीछे से मारी टक्कर, दो घायल, एमजीएम रेफर
Patamda: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर रांगाटांड़ के पास सोमवार शाम करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक चालक भी जख्मी हो गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, रांगाटांड़ निवासी 35 वर्षीय माधुरी कोड़ा अपने पति के साथ पटमदा साप्ताहिक हाट से पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान महुलबना पंचायत के लायाडीह निवासी बाइक चालक रूपचांद महतो (25) ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
आरोप है कि बाइक चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था जिसके कारण उसने अपना नियंत्रण खो दिया। टक्कर लगने से माधुरी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। कमर और आंख में भी चोट लगी है। वहीं, बाइक चालक भी गिरकर घायल हो गया और उसके कई दांत टूट गए। घटना की सूचना पर पहुंची पटमदा पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।











