पटमदा में कबड्डी प्रतियोगिता में एक छात्र घायल, गंभीर हालत में टीएमएच में चल रहा इलाज

Patamda: खेलो झारखंड अंतर्गत बुधवार को पटमदा के बीआरसी परिसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा का छात्र तरुण महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शाम 4 बजे के बाद उस वक्त हुई जब अंडर- 17 बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा एवं मॉडल स्कूल पटमदा के खिलाड़ियों के बीच चल रहा था।
मुकरूडीह गांव निवासी विश्वनाथ महतो के पुत्र तरुण को गंभीर हालत में शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए पहले एमजीएम अस्पताल पहुंचाया एवं वहां से बेहतर इलाज हेतु टीएमएच रेफर कराया गया। खेल संचालन टीम के सदस्य प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि वह अपने मामा लक्ष्मण महतो के घर पर रहता है और वहीं रहकर पढ़ाई करता है। फिलहाल मरीज के साथ टीएमएच में विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ, खेल शिक्षक राहुल कुमार एवं प्रबोध कुमार महतो समेत कई शिक्षक मौजूद हैं। घायल छात्र का एक्सरे एवं सीटी स्कैन कराया जा चुका है। बताते हैं कि उसके सिर पर गंभीर चोट है। इस घटना ने सभी को चिंतित कर दिया है।


