सीबीएसई के नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में साउथ प्वाइंट स्कूल की छात्रा महक शर्मा ने जीता कांस्य पदक
Patamda : उत्तर प्रदेश के इटावा में सीबीएसई द्वारा 3 से 7 सितंबर तक आयोजित नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पटमदा के गोबरघुसी स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल की छात्रा महक शर्मा ने कांस्य पदक जीत कर अपने विद्यालय के साथ -साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस संबंध में प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रुप में जोर्डन के अहमद आवुगौस (ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट) ने भाग लिया। इसमें हमारे देश के अलावा कुवैत, ओमान, सउदी अरबिया, इराक व बहरीन आदि अन्य देशों के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। साउथ प्वाइंट स्कूल गोबरघुसी की छात्रा महक शर्मा (38- 42) किलो अंडर- 17 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के चेयरमैन शिव प्रकाश शर्मा और डायरेक्टर शिवम शर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार का मान बढ़ा है, बल्कि पूरे जिले का भी नाम रोशन हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने महक शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन में परिवार का समर्पण, खेल प्रशिक्षक संतोष तिवारी की मेहनत एवं विद्यालय के प्रयास का परिणाम है। यह सम्मान हमारे लिए गर्व का विषय है।






























