प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में स्काउट एंड गाइड शिविर का समापन, छात्राओं ने सीखे आपदा प्रबंधन के गुर

Patamda: पटमदा के प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय माचा का पांच दिवसीय स्काउट एंड गाइड के प्रशिक्षण प्रशिक्षण का समापन बुधवार को कैंप फायर के साथ हो गया। इसमें छात्राओं ने नैतिक मूल्य सदाचार के साथ टेंट पिचिंग नोटिंग, आपातकाल के दौरान झंडा गीत, झंडे को फोल्ड करना, झंडे को देना, नो फायर कुकिंग, किसी भी दुर्घटना में स्ट्रेचर पट्टी बांधना सीखा।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सह भारत स्काउट एंड गाइड की संयुक्त सचिव डॉ. प्रियंका झा के मार्गदर्शन में जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार के साथ सभी छात्राओं को हमेशा तैयार रहने की भावना जागृत की गई। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रूपा महतो व उपाध्यक्ष दिवाकर टुडू के द्वारा विद्यालय की सराहना की गई। बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने विद्यालय अनुशासन एवं समय प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय में बेंच डेस्क उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। क्योंकि पूर्व में इस विद्यालय को परीक्षा का केंद्र बनाया गया था लेकिन बेंच डेस्क की कमी के कारण 200 बेंच डेस्क दूसरी जगह से व्यवस्था करने के पश्चात माध्यमिक परीक्षा संचालित की गई थी। टुडू ने कहा कि अबुआ सरकार की सारी योजनाओं का लाभ हर महिला अभिभावक को मिले इसके लिए विद्यालय में उनके द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भागीदारी हेतु शुक्रवार को आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में सभी से उपस्थित होने की अपील की गई।






























