लोवाडीह से दिनदहाड़े बाइक चोरी, पुलिस कर रही छानबीन
Patamda: थाना क्षेत्र के लोवाडीह गांव में गुरुवार दोपहर करीब सवा 1 बजे एक हीरो स्प्लेंडर बाइक की चोरी का मामला सामने आया है। यह बाइक लोवाडीह गांव निवासी उत्तम कुमार महतो की है, जो बेलटांड़ बाजार में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। जानकारी के अनुसार, उत्तम कुमार महतो दोपहर करीब एक बजे घर पहुंचे और अपनी बाइक को बेलटांड़–रघुनाथपुर मुख्य सड़क किनारे लॉक कर घर के अंदर भोजन करने चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वे बाहर निकले तो बाइक गायब मिली।
आसपास खोजबीन और पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई और पटमदा थाना में सनहा दर्ज कराया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक अज्ञात युवक बाइक को बेलटांड़ के रास्ते से ले जाते हुए देखा गया है, जिसके जमशेदपुर की ओर भागने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


