विद्याधन छात्रवृत्ति में पटमदा की 4 बेटियों का परचम, पूर्वी सिंहभूम के 17 विद्यार्थियों ने पाई सफलता, हर्ष
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के छात्र -छात्राओं ने विद्याधन छात्रवृत्ति योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2025-26 के लिए जिले से कुल 17 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें पटमदा एवं बोड़ाम से 5 छात्र -छात्राएं शामिल हैं—यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
विद्याधन छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जाती है। इस योजना के तहत मैट्रिक परीक्षा में कम से कम 80 प्रतिशत अंक (दिव्यांग छात्रों के लिए 65 प्रतिशत) तथा वार्षिक पारिवारिक आय 2 लाख रुपये से कम होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और अंतिम चरण में घर का सत्यापन शामिल होता है।
चयनित अभ्यर्थियों को रांची स्थित प्रशिक्षण केंद्र में चार दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बाद 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए प्रति वर्ष 10 हजार रुपये की सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए कोर्स के अनुसार प्रतिवर्ष अधिकतम 75 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, बशर्ते छात्र हर वर्ष कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करें। इस योजना का संचालन सरोजिनी दामोदरन फाउंडेशन द्वारा किया जाता है, जिसकी स्थापना इंफोसिस के सह-संस्थापक एसडी शिबुलाल और उनकी पत्नी कुमारी शिबुलाल ने 1999 में की थी।
सफल छात्राओं में पटमदा प्रखंड के +2 आदिवासी उच्च विद्यालय, बांगुड़दा की भूमिका मिश्रा (राखडीह) और सुदीपा दत्ता (माचा), +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गोबरघुसी की पीयू पाल (गोबरघुसी) तथा बोड़ाम प्रखंड के +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दिघी-भूला की रिंकी प्रमाणिक (बोड़ाम) भी शामिल हैं। इन छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों में कुल 17 छात्र छात्राओं में अनन्या दुबे, भूमिका मिश्रा, दीपिका भकत, मनीष रंजन शी, मनीषा कुमारी, मंजूबी हेंब्रम, पीयू पाल, प्रणिता प्रधान, प्रेयसी बेरा, रिंकी प्रमाणिक, रुपेश कुमार पाल, सत्यम प्रधान, स्नेहा कुईला, सुदेश्ना रानी गिरी, सुदीपा दत्ता, सुमन प्रधान व सुषमा सिंह शामिल हैं।


