पटमदा के पूजा पंडालों में महाष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सोमवार को भी पुष्पांजलि
Patamda : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में रविवार को मां दुर्गा की महाष्टमी पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। सुबह 10 बजे के बाद मां महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बेलटांड़ स्थित श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) और पटमदा बाजार स्थित श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पूजा मंडपों में सैकड़ों व्रती महिलाओं ने पूजा की थालियों के साथ पहुंचकर मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की।
कमेटी के सदस्यों और अन्य श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व शनिवार को पटमदा संगीत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्नेहा गोराई, पूर्णिमा महतो, अंकिता प्रमाणिक, शीला महतो, नंदनी प्रमाणिक, संप्रीति बोस और देवांशू ने भाग लिया। उनके साथ उस्ताद गौउर सिंह, मनोरंजन गोराई और जयदेव बोस का सराहनीय योगदान रहा।
बेलटांड़ दुर्गा पूजा समिति के महासचिव विजय कुमार मंडल ने बताया कि सोमवार अहले सुबह चार बजे से पूजा-अर्चना शुरू होगी एवं पुष्पांजलि भी अर्पित की जाएगी। निर्धारित समय पर सुबह करीब आठ बजे संधि पूजा आयोजित की जाएगी। वहीं, मंगलवार को महानवमी की पूजा होगी।












