बेलटांड़ चौक में मॉडल सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग, समाजसेवी ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: लावा ग्राम पंचायत के बेलटांड़ चौक में मॉडल सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि बेलटांड़ चौक क्षेत्र का एक प्रमुख व्यावसायिक और सामाजिक केंद्र है, जहां प्रत्येक रविवार को बड़े पैमाने पर साप्ताहिक हाट-बाजार आयोजित होता है। इसके अलावा यह चौक आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क स्थल भी है। हाट के दिन हजारों ग्रामीण, व्यापारी, महिलाएं, बच्चे और राहगीर यहां पहुंचते हैं, लेकिन सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि बेलटांड़ चौक क्षेत्र का सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल है, जहां हर सप्ताह बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसके बावजूद शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से असुविधाजनक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जनसुविधा और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यहां मॉडल सामुदायिक शौचालय का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में बीडीओ सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि उन्हें शौचालय निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में उठाए गए बिंदुओं को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों से स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन मांगा जाएगा। यदि स्थल सरकारी मानकों और प्रावधानों के अनुरूप पाया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वच्छता और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।वहीं, स्थानीय ग्रामीणों और हाट-बाजार आने वाले लोगों ने भी इस मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि सामुदायिक शौचालय बनने से न केवल हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।



