पटमदा से सटे बंगाल के गंगामन्ना से जमशेदपुर में होती थी गांजा की सप्लाई, 9.2 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Jamshedpur : एमजीएम थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड फोन और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया है। 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास की टीम ने बेको गांव में छापेमारी की। यहां मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो के घर से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
पूछताछ में मंतोष ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा लाकर स्थानीय क्षेत्रों में बेचता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बेको-छोटाबांकी मार्ग पर घेराबंदी कर गंगामन्ना (बांदोवान, पुरुलिया) निवासी शंभू गोराई और प्राण कृष्ण गोराई को बाइक समेत गिरफ्तार किया। इनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रुपये नकद बरामद हुए। जांच में सामने आया कि शंभू गोराई कपड़ा बेचने के बहाने पटमदा और बांदोवान थाना क्षेत्र के गांवों में घूमता था तथा ग्रामीणों से गांजा खरीदकर जमशेदपुर शहर में उसकी आपूर्ति करता था। प्राणकृष्ण गोराई इस नेटवर्क में उसका सहयोगी था।नपुलिस ने इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 85/2026 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
* मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38), निवासी बेको, थाना एमजीएम, पूर्वी सिंहभूम।
* शंभू गोराई (58), निवासी गंगामन्ना, थाना बांदोवान, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)।
* प्राण कृष्ण गोराई (53), निवासी गंगामन्ना, थाना बांदोवान, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल)।



