गोलकाटा के माझीडीह टोला में पेयजल संकट, तीनों सोलर जलमीनार वर्षों से बंद
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत काशमार पंचायत के गोलकाटा गांव स्थित माझीडीह टोला में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। गांव का दौरा करने पहुंचे जेएलकेएम के जिला सचिव राजेश कुम्भकार को ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थापित तीनों सोलर जलमीनार पिछले 2–3 वर्षों से खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, तीन में से दो सोलर जलमीनार डीएमएफटी फंड और एक 14वें वित्त आयोग की राशि से लगाए गए थे। लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद वर्षों से इनके बंद रहने पर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
राजेश कुम्भकार ने जिला प्रशासन एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से तीनों सोलर जलमीनारों की अविलंब मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। साथ ही वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की। मौके पर उनके साथ शांति राम हांसदा, शैलेन मांडी, राजेन मुर्मू, मार्शल मांडी, अमित सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



