बराभूम दर्पण की खबर का असर: 1 घंटे में बहाल हुई बिजली, गायनिक वार्ड में फिर चलने लगी एसी

Patamda : माचा स्थित सीएचसी अस्पताल में प्रबंधन की लापरवाही से पिछले तीन दिनों से गायनिक वार्ड में बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण एसी बंद था। भीषण गर्मी में जच्चा-बच्चा को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इस गंभीर स्थिति को लेकर रविवार देर शाम आपके प्रिय समाचार पोर्टल “बराभूम दर्पण” में “पटमदा सीएचसी के गायनिक वार्ड में तीन दिनों से बिजली ठप, जच्चा-बच्चा परेशान” शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। खबर प्रकाशित होते ही महज एक घंटे के भीतर व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई।
दरअसल, खबर सामने आते ही पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लाइनमैन मोहम्मद महमूद को फोन कर तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। इसके बाद मोहम्मद महमूद और सुखमय दत्त मौके पर पहुंचे और समस्या का समाधान कर एसी को फिर से चालू कराया। लाइनमैन के अनुसार, केबल शॉर्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। हालांकि यह अस्पताल के आंतरिक रखरखाव का मामला था और उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता, फिर भी मानवता के नाते उन्होंने पहल करते हुए समस्या दूर की।
बिजली बहाल होने और एसी चालू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, सीएचसी प्रभारी ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी, सूचना मिलते ही आवश्यक कदम उठाए गए।






























