बिड़रा गांव में मजदूर एकता के संदेश के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस
Patamda: पटमदा प्रखंड के बिड़रा गांव में शुक्रवार को शहीद स्मारक समिति के बैनर तले अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) पूरे उत्साह, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूरों के अधिकार, उनके संघर्ष और योगदान को याद करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपमुखिया गोपाल गोराई ने 1886 के शिकागो के हेमार्केट आंदोलन का उल्लेख करते हुए मजदूरों के ऐतिहासिक संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 8 घंटे कार्य दिवस की मांग को लेकर मजदूरों ने जो बलिदान दिया, उसी की स्मृति में हर वर्ष 1 मई को विश्वभर में मजदूर दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा उनके सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया। मौके पर नरेश महतो ने कहा कि देश और समाज के विकास में मजदूरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके अधिकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में बिप्लब गोराई, निर्मल रजक, धनिकलाल महतो, विष्णु महतो, पवन महतो, प्रदीप सहित कई गणमान्य लोग, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




