मजदूर दिवस पर रक्तदान की मिसाल, समाजसेवी आस्तिक महतो ने बढ़ाया उत्साह
Jamshedpur: मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर में मानव सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। शीला मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में टिमकेन कंपनी से जुड़े कर्मचारियों द्वारा भालूबासा में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। इसी कड़ी में कुड़मी समाज की ओर से कारगिल चौक, आसनबनी में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जहां समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।
दोनों शिविरों में पहुंचे जमशेदपुर के समाजसेवी एवं झारखंड आंदोलनकारी आस्तिक महतो ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल सेवा का प्रत्यक्ष माध्यम है, बल्कि यह मानवता की सच्ची भावना को दर्शाने वाला सबसे बड़ा उदाहरण भी है। आस्तिक महतो ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।




