केजीबीवी पटमदा में पहली बार एलुमनाई मीट, पूर्व छात्राओं ने साझा की सफलता की कहानी
Patamda: उगम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) पटमदा में पहली बार एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया। वार्डन सारो हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2012 से 2026 तक विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर निकल चुकीं 105 पूर्व छात्राएं शामिल हुईं। इनमें विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाली पूर्व छात्राएं भी मौजूद थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं ने गीत और बैंड की प्रस्तुति के साथ पूर्व छात्राओं के स्वागत से की। इसके बाद छात्राओं ने नाटक, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्राओं और विद्यालय के बीच मजबूत जुड़ाव एवं नेटवर्क तैयार करना तथा वर्तमान छात्राओं को पूर्व छात्राओं की सफलता और संघर्ष से प्रेरित करना था। इस दौरान पूर्व छात्राओं ने अपनी पढ़ाई, संघर्ष, अनुभव और सफलता की यात्रा साझा की। उनकी बातें सुनकर वर्तमान छात्राओं में भी अपने लक्ष्य को हासिल करने के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया।
वार्डन सारो हांसदा ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं सरिता हेम्ब्रम, रजनी गुड़िया, करमू गोप, सुनीता महतो और रीना महतो के साथ उगम एजुकेशन फाउंडेशन की शिक्षिकाओं पूर्णिमा कुमारी, काजल कुमारी एवं मरियम सामद का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर पूर्व छात्राओं को प्रमाण-पत्र और पेन देकर सम्मानित किया गया।




