43 वां राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में साउथ प्वाइंट स्कूल की महक शर्मा ने जीता स्वर्ण पदक
Patamda: साउथ प्वाइंट स्कूल पटमदा की छात्रा महक शर्मा ने 43 वां राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महक ने अंडर-44 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभावान खिलाड़ियों के बीच महक ने अपने आत्मविश्वास, अनुशासन, तकनीकी कौशल और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। सोमवार को विद्यालय के चेयरमैन शिव प्रकाश शर्मा, निदेशक शिवम शर्मा एवं प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने महक शर्मा को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी तथा उसके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की।
प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने महक शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि, महक की यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उसने अपनी प्रतिभा से विद्यालय और पूरे झारखण्ड को गौरवान्वित किया है। हमें विश्वास है कि महक आने वाले समय में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी।




