एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित

Patamda : एसएस +2 हाई स्कूल, पटमदा में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का सफल आयोजन हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार एवं भविष्य की योजनाओं पर शिक्षकों के साथ सार्थक संवाद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, विशिष्ट अतिथि पटमदा पंचायत के मुखिया परमेश्वर सिंह तथा बैंक ऑफ इंडिया की सहायक शाखा प्रबंधक दीपा कुमारी उपस्थित थीं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. मिथिलेश कुमार ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बतौर मुख्य अतिथि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यालय उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रयासों की सराहना की। मुखिया परमेश्वर सिंह ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच नियमित संवाद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। वहीं दीपा कुमारी ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत और भविष्य की बेहतर आर्थिक योजना बनाने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व स्वागत भाषण में डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर संवाद, विश्वास एवं सहयोग से ही तैयार होती है। उन्होंने कहा कि पीटीएम केवल परीक्षा परिणामों की समीक्षा का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए साझा प्रयास का माध्यम है। बैठक में अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमित उपस्थिति, अनुशासन, अध्ययन की आदतों तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर व्यक्तिगत चर्चा कर आवश्यक सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, इको क्लब की गतिविधियाँ, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, साइबर सुरक्षा तथा विद्यालय में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई। वक्ताओं ने इन विषयों पर परिवार और विद्यालय की समान जिम्मेदारी पर बल दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरक गीत, बांग्ला गीत, समूह नृत्य एवं संथाली लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉपर्स, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों तथा प्रोजेक्ट कार्य एवं मासिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को उपयोगी, प्रेरणादायी एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक का गरिमामय समापन हुआ।



