परितोष सिंह ने बढ़ाया गांव का गौरव, दामोदरपुर के तीसरे डॉक्टर बनने की ओर बढ़ाया कदम
Patamda: टैलेंट सर्च एकेडमी द्वारा निशुल्क संचालित मोहनपुर कोचिंग सेंटर के प्रथम बैच के छात्र परितोष सिंह ने नीट यूजी 2026 में शानदार सफलता हासिल कर अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 367 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 12,421 हासिल की है। इस रैंक के आधार पर उनके झारखंड के किसी सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने की प्रबल संभावना है। बोड़ाम प्रखंड की लावजोड़ा पंचायत के दामोदरपुर गांव निवासी एवं राजमिस्त्री हरिहर सिंह व मजदूर सुलोचना सिंह का बेटा परितोष सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
परितोष वर्ष 2015 से 2017 तक टैलेंट सर्च एकेडमी के मोहनपुर कोचिंग सेंटर के प्रथम बैच के नियमित छात्र रहे। वर्ष 2017 में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2025 में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। टैलेंट सर्च एकेडमी के निदेशक एवं शिक्षकों ने परितोष की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि परितोष की सफलता ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। दामोदरपुर गांव के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि यहां से पहले ही दो आदिवासी युवक डॉक्टर बनकर चिकित्सा सेवा दे रहे हैं। यदि परितोष सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर अपनी चिकित्सा शिक्षा पूरी करते हैं, तो वे दामोदरपुर गांव के तीसरे आदिवासी डॉक्टर होंगे। उनकी सफलता गांव में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता, प्रतिभा और नए सपनों की उड़ान का प्रतीक बन गई है।


