डिमना चौक समेत मानगो की 12 दुकानों में हुई चोरी का खुलासा: पुलिस ने चार शातिर चोर दबोचे
Jamshedpur : मानगो और ओलीडीह क्षेत्र में 11-12 जुलाई की मध्यरात्रि 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के अनुसार, चोरी की घटनाएं जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर तथा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजली स्टोर समेत कुल 12 दुकानों में हुई थीं। दुकानदारों के लिखित आवेदन के आधार पर ओलीडीह ओपी में कांड संख्या 152/2026 (दिनांक 14 जुलाई 2026) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 112(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
* शंकर हेम्ब्रम (25)
* मुकदर सामद (34)
* गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू (19)
* विक्की मुखी (24)
चारों आरोपी ओलीडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
बरामद सामान
* चैन पुली
* लोहे का चापड़
* लोहे का रॉड (साबल)
* सिलाई मशीन
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों व संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।


