आदिवासी मुख्यमंत्री के राज में आदिवासी समुदाय के लोग ही सुरक्षित नहीं: प्रदीप महतो

सूर्या हांसदा मामले में सीबीआई जांच की मांग पर पटमदा में भाजपा का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
Patamda: भाजपा के पटमदा व कमलपुर मंडल के नेताओं ने संयुक्त रूप से गुरुवार को पटमदा प्रखंड मुख्यालय में राज्य सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की एवं विरोध प्रदर्शन किया। पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि राज्य में आदिवासी सरकार होने के बावजूद आदिवासी लोग ही सुरक्षित नहीं हैं। इसका ताजा उदाहरण है सूर्या हांसदा हत्याकांड।
उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा आदिवासी के हितों में हमेशा आवाज उठाने का काम करता था, इसलिए राज्य सरकार ने षड़यंत्र के तहत उनकी हत्या कर एनकाउंटर का नाम दे दिया। उन्होंने कहा कि नगड़ी में रिम्स टू के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीन रही है यह सरकार। उन्होंने कहा कि ब्लॉक, अंचल व थाना सब जगहों पर बिना घूस दिए काम नहीं हो रहा है। उन्होंने सूर्या हांसदा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग को एक ज्ञापन सौंपा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप बेसरा, संदीप मिश्रा, बासुदेव मंडल, मंटू चरण दत्त, शरत सिंह सरदार, कृपसिंधु महतो, प्रधान चंद्र महतो व निरंजन रजक समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।


