बांगुड़दा आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल में पीटीएम संपन्न, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
Patamda: आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, बांगुड़दा में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान अभिभावकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन एवं समग्र विकास को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए। बैठक में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, प्रथम त्रैमास की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देने, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने, घर पर स्वअध्ययन में अभिभावकों की भूमिका को मजबूत करने, बाल विवाह निषेध कानून एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता फैलाने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई, अनुशासन और विद्यालय से सतत संपर्क बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत दत्त, श्रीमंत कुमार मिश्रा, जहरलाल महतो, अनंत लाल मिश्रा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।



