खराब जलमीनार और चापाकलों की मरम्मत की मांग को लेकर जिला पार्षद ने सौंपा ज्ञापन
Patamda: पटमदा-02 के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने गुरुवार को विभिन्न पंचायतों में लंबे समय से खराब पड़े जलमीनारों और चापाकलों की मरम्मत की मांग को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के साथ उन्होंने पंचायतवार खराब जलापूर्ति योजनाओं और चापाकलों की सूची भी प्रशासन को उपलब्ध कराई।
जिला पार्षद ने बताया कि कुमीर, पटमदा, बिड़रा, बांगुड़दा, ओड़िया, कमलपुर और काश्मार पंचायत के कई गांवों में जलमीनार और चापाकल लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके कारण भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में स्वच्छ पेयजल का कोई वैकल्पिक साधन नहीं होने के कारण लोगों को डोभा और अन्य असुरक्षित स्रोतों के पानी पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। जिला पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते खराब जलमीनारों और चापाकलों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सभी खराब जलमीनारों और चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।



