बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फाउंडेशन ने कराया ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित सीपी टोला, गणेश नगर और गुलठू झोपड़ी में शुक्रवार को दिशोम गुरुजी के सपने फाउंडेशन की ओर से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। बाढ़ के बाद जलजमाव और गंदगी के कारण मच्छरजनित एवं संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया गया।
फाउंडेशन के संस्थापक सह झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता महाबीर मुर्मू ने कहा कि बरसात और बाढ़ के बाद डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन की ओर से विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बागबेड़ा क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नालियों, तालाबों और सार्वजनिक स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने से मच्छरों और कीटाणुओं के प्रकोप को कम करने में मदद मिलेगी। फाउंडेशन का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
महाबीर मुर्मू ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। नालियों में कूड़ा-कचरा नहीं डालें तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता से ही संक्रामक बीमारियों की रोकथाम संभव है। अभियान के दौरान झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, बन्ना दास, दुर्गा प्रसाद हांसदा, मनोज तांती, संजय महतो, फतेह लोहार, संतोष गुप्ता, पिंटू तिर्की, रीता शर्मा, किरण शर्मा, ललिता शर्मा, काजल वर्मा, संगी देवी, जगदीश सिन्हा, करण बहादुर, शेखर, लड्डू, गोपाल महतो, प्रकाश सिंह समेत फाउंडेशन के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।








