बिजली संकट पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सुधार को 5 दिन का अल्टीमेटम
Patamda : बोड़ाम प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत के ग्रामीणों ने लगातार जारी बिजली संकट के विरोध में शनिवार को बीडीओ किकू महतो एवं बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के नाम पर विभागीय कर्मचारी को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। पहाड़पुर के मुखिया अजब सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि उनका क्षेत्र अति संवेदनशील श्रेणी में होने के बावजूद लंबे समय से बिजली आपूर्ति बेहद अनियमित है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहती है। वहीं कम वोल्टेज की समस्या के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे व्यवसाय और अन्य जरूरी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बीडीओ से संबंधित विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे मामले की जांच कराने और शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने, अलग फीडर की व्यवस्था करने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा अन्य तकनीकी सुधार कराने की भी मांग उठाई है, ताकि लोगों को सुरक्षित, नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। इस सामूहिक ज्ञापन पर पहाड़पुर पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात करते हुए 5 दिनों का अल्टीमेटम दिया है और कहा कि अगर इस दौरान सुधार नहीं हुआ तो 6ठे दिन से उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से अनिर्वादर सिंह, दीपंकर सिंह, लाल बाबू सिंह, मधुसूदन सिंह, सुकदेव बेसरा, रतन महतो, कृत्तिबास महतो, तपन कुंभकार, गुणधर कुंभकार, राकेश प्रमाणिक, प्रशांत कुमार सिंह, सनातन सिंह, रवि सिंह, अरुण सिंह, गौतम महतो, आशुतोष महतो, डॉ. महेश्वर सिंह, राज सिंह, दुलाल चंद्र महतो, धनंजय महतो, फुलचंद सिंह, भास्कर सिंह एवं शंकर कुंभकार आदि शामिल थे।



