पटमदा में शॉर्ट सर्किट से पुआल का घर राख, परिवार बेघर
Patamda : महुलबना पंचायत के सुन्दरपुर गांव में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में भूमिहीन संतोष सिंह का पुआल व मिट्टी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक दिया।
सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार को तिरपाल व राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं, प्रखंड सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार दास ने अम्बेडकर आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा एवं स्थायी आवास देने की मांग की है।



