एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर झामुमो जिला समिति की बैठक कल
Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में 19 सितंबर को आयोजित धरना-प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा होगी। झामुमो की ओर से 19 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड कार्यालयों एवं नगर निकाय कार्यालयों में संशोधन अधिनियम के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया था। पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने भी इसमें भाग लिया था। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, भागीदारी और उसके प्रभाव की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए मनोनीत पर्यवेक्षकों से भी कार्यक्रम से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बैठक में सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसद, केंद्रीय पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, प्रखंड पदाधिकारियों, जमशेदपुर महानगर संयोजक मंडली के सदस्यों, नगर एवं शाखा समितियों के पदाधिकारियों समेत वरिष्ठ नेताओं, नेत्रियों और कार्यकर्ताओं से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।




